पुरातत्व विभाग के तहत आने वाले सिद्धनाथ मंदिर के एक तरफ का लकड़ी का टूटा हुआ दरवाजा। संवाद।
बैजनाथ (कांगड़ा)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर चौबीन चौक के समीप स्थित सिद्धनाथ मंदिर की खस्ताहाल हालत को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। बाबा सिद्धनाथ महिला मंडल की अध्यक्ष सरिता शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मंडल की सदस्यों ने इस ऐतिहासिक महत्व के मंदिर की दुर्दशा पर चिंता जताई।
सरिता शर्मा और किरण शर्मा ने बताया कि मंदिर के गर्भगृह में लगातार बारिश का पानी भरता रहता है और पानी के रिसाव से मंदिर के अंदर के भाग को गंभीर नुकसान पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि पानी के कारण मंदिर की लकड़ी सड़ चुकी है। मंदिर में आने वाले श्रद्धालु अपनी तरफ से सफाई और अन्य कार्य कर रहे हैं, जबकि पुरातत्व विभाग के सख्त नियमों के कारण मरम्मत नहीं करवाई जा सकती।
महिला मंडल ने कहा कि मंदिर न्यास के पास पर्याप्त राशि होने के बावजूद पुरातत्व विभाग की अनुमति के बिना कोई मरम्मत कार्य नहीं करवा रहा है। मंडल ने दोनों सांसदों और विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया है कि मंदिर का दौरा कर शीघ्र कार्रवाई की जाए। उधर, न्यास के सहायक आयुक्त एवं एसडीएम संकल्प गौतम ने बताया कि शिव मंदिर और सिद्धनाथ मंदिर की रिपोर्ट पुरातत्व विभाग को भेजी गई है और उचित कदम उठाने की प्रक्रिया जारी है।