नूरपुर (कांगड़ा)। नगर परिषद नूरपुर के चुनाव परिणाम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव नतीजों को लेकर कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता अजय महाजन ने कहा कि नूरपुर की प्रबुद्ध जनता ने इस चुनाव में धनबल की राजनीति करने वालों को करारा जवाब दिया है। जनता ने प्रदेश की सुक्खू सरकार की जनहितैषी नीतियों और विकास कार्यों पर मुहर लगाई है। भाजपा विधायक और सांसद ने घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया, इसके बावजूद जनता ने उनके झूठे वादों को नकार दिया। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नूरपुर क्षेत्र में जोरदार वापसी करेगी।
कांग्रेस से नहीं, भीतरघात के कारण हारी भाजपा : निक्का
नूरपुर (कांगड़ा)। भाजपा विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि भाजपा नूरपुर नगर परिषद के चुनाव में कांग्रेस से नहीं, बल्कि अपनों के भीतरघात के कारण हारी है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा ने तीन सीटें जीती हैं, जबकि एक सीट महज एक वोट के मामूली अंतर से हारी है। निक्का ने कहा कि चुनाव में हुए इस भीतरघात की पूरी रिपोर्ट और शिकायत पार्टी आलाकमान को भेजी जाएगी। पार्टी स्तर पर हार के कारणों की विस्तृत समीक्षा होगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी पंचायती राज चुनाव और विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।