धर्मशाला। प्रदेश के पीएमश्री स्कूलों में शिक्षारत विद्यार्थियों के ज्ञान के स्तर की परख के लिए शिक्षा विभाग टेस्ट का आयोजन करेगा। जिला कांगड़ा के 29 स्कूलों में यह टेस्ट 14 अक्तूबर को होगा। इसके आयोजन में डाइट धर्मशाला के 46 विद्यार्थी विभिन्न पीएमश्री स्कूलों में फील्ड इन्वेस्टीगेटर की भूमिका निभाएंगे। टेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान के स्तर और शैक्षणिक उपलब्धियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इस टेस्ट में कक्षा तीसरी, छठी और नौवीं के विद्यार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से ली जाएगी। इसके संचालन की जिम्मेदारी डाइट संस्थानों को दी गई है। कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों का अंग्रेजी व गणित का टेस्ट 60 मिनट, छठी के विद्यार्थियों का अंग्रेजी, गणित व पर्यावरण विज्ञान का टेस्ट 90 मिनट और कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों का अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान विषय का टेस्ट दो घंटे की अवधि का होगा। जिला समन्वयक अनुसंधान एवं मूल्यांकन जिला कांगड़ा डिंपल कंवर ने बताया कि जिले के 29 पीएमश्री स्कूलों में 14 अक्तूबर को एक साथ डायग्नोस्टिक टेस्ट आयोजित किया जाएगा। टेस्ट में तीन कक्षाओं के विद्यार्थी पांच विषयों में परीक्षा देंगे। टेस्ट रिपोर्ट तैयार होने के बाद विद्यार्थियों के ज्ञान स्तर के अनुसार जिलावार रैंकिंग भी जारी की जाएगी। यह मूल्यांकन आगे चलकर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने का आधार बनेगा। ब्यूरो