-पंचायती राज मंत्रालय के निर्देशों के तहत तैयार की जा रही कॉफी टेबल बुक
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। कांगड़ा मंडल के तीन जिलों कांगड़ा, चंबा और ऊना की समृद्ध ग्रामीण विरासत को अब ''रूरल हेरिटेज बुक'' के माध्यम से सहेजा जाएगा। केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय के निर्देशों के तहत इस कॉफी टेबल बुक को तैयार किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के ऐतिहासिक स्थलों, लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारंपरिक मान्यताओं को भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित करना है।
पंचायती राज विभाग के अनुसार, पुस्तक का संकलन केंद्र सरकार की ''मेरा गांव मेरी धरोहर'' (एमजीएमडी) पहल के आंकड़ों के आधार पर होगा। इसके लिए एक एजेंसी को दस्तावेजीकरण और संकलन का कार्य सौंपा गया है। संबंधित अधिकारियों को ग्राम पंचायतों से विरासत स्थलों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद टीम मौके पर पहुंचकर सत्यापन और फोटोग्राफी करेगी।
उधर, जिला पंचायत अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि तीनों जिलों की ऐतिहासिक धरोहर और परंपराओं को संजोने में यह पहल अहम साबित होगी। संवाद