लंघा श्मशान घाट में बरसात के दौरान बहने का खतरा, जालग में संपर्क मार्ग और पानी की टंकी का अभाव
संवाद न्यूज एजेंसी
जालग (कांगड़ा)। अपनों को अंतिम विदाई देने के स्थान भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। क्षेत्र के लंघा और जालग स्थित श्मशान घाटों की हालत बदहाल है। लंघा में श्मशान घाट की नींव खड्ड के तेज बहाव से खोखली हो चुकी है, जबकि जालग में पानी की टंकी और संपर्क मार्ग तक उपलब्ध नहीं है। स्थानीय लोगों ने दोनों स्थानों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है।
ग्राम पंचायत सुआं के वार्ड नंबर पांच के पंच रविकांत ने बताया कि लंघा का श्मशान घाट खड्ड के किनारे स्थित है। इसकी नींव खोखली हो चुकी है। श्मशान घाट के पास बना एक आरामघाट (शेड) बरसात के दौरान पेड़ की टहनी गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया था। वहीं, दूसरे आरामघाट की हालत भी दयनीय है। उन्होंने आशंका जताई कि बरसात में खड्ड का जलस्तर बढ़ने और बहाव तेज होने पर श्मशान घाट को नुकसान पहुंच सकता है।
उधर, जालग निवासी रत्न चंद ने बताया कि श्मशान घाट में हाल ही में संबंधित विभाग ने नल तो लगा दिया है, लेकिन पानी की टंकी नहीं बनाई गई। ऐसे में जरूरत के समय पानी उपलब्ध नहीं हो पाता। इसके अलावा श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए संपर्क मार्ग भी नहीं है। उन्होंने पानी की उचित व्यवस्था करने के साथ सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है।
जालग स्थित श्मशान घाट की समस्या मेरे ध्यान में है। जल्द ही वहां पानी की टंकी की व्यवस्था करवाई जाएगी। लंघा स्थित श्मशान घाट की समस्याओं के समाधान पर भी विचार किया जाएगा। - सपना देवी, प्रधान, ग्राम पंचायत जालग
लंघा स्थित शमशान घाट की खोखली हुई नींव । स्त्रोत : जागरूक पाठक।