विधायक किशोरी लाल का स्वागत करते डॉ. मोहिंद्र शामा। -स्रोत : लोकसंपर्क विभाग
पालमपुर (कांगड़ा)। बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने कहा कि किसानों, बागवानों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह बात आईवीएफ प्रयोगशाला पालमपुर के सभागार में विश्व पशु चिकित्सा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
विधायक ने कहा कि पशुपालकों को मजबूती प्रदान करने के लिए पशुपालन विभाग लगातार सक्रिय है और इस दिशा में गंभीरता से काम कर रहा है। इससे आर्थिकी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि विश्व पशु चिकित्सा दिवस पशु चिकित्सकों के योगदान को मान्यता देने और पशु स्वास्थ्य में सुधार के लिए जागरूकता फैलाने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले के ढगवार में 250 करोड़ रुपये की लागत से दूध प्रसंस्करण केंद्र स्थापित किया जा रहा है। यहां हर दिन डेढ़ लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की सुविधा मिल सकेगी। इस कदम से क्षेत्रीय कृषि और पशुपालन को और बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने पशुपालन विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. मोहिंद्र शामा ने और डॉ. शालीमनी एवं डॉ. निर्देशिका ने इस वर्ष की थीम ‘पशु स्वास्थ्य के लिए टीम की आवश्यकता’ पर विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ विरेंद्र जम्वाल, सहायक निदेशक डॉ. वीरेंद्र पटियाल, वरिष्ठ वेटरनरी अधिकारी डॉ. संजय अवस्थी, डॉ. सुषमा राणा, डॉ. राजेश राणा सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी और सेवानिवृत्त अधिकारी भी उपस्थित थे।