धर्मशाला। पुलिस विभाग ने जिला प्रशासन से इच्छी में स्थित किसान भवन को गगल थाना के संचालन के उपलब्ध करवाने की मांग की है। ताकि थाना में तैनात पुलिस स्टाफ को काम निपटाने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। वर्तमान में गगल पुलिस थाना किराये के भवन में चल रहा है। किराये का भवन काफी छोटा है और इसके चलते मौजूदा पुलिस कर्मचारियों को कई तरह की दिक्कतें पेश आ रही हैं।
किराये के भवन में विश्राम कक्ष, महिला और पुरुष लॉकअप, चेंजिंग रूम और आवासीय परिसर जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इस कारण थाने के स्टाफ को आसपास के गांवों में महंगे निजी आवासों में रहना पड़ता है। इसके साथ ही विभाग को भी किराये का खर्च उठाना पड़ता है, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है।
गगल पुलिस थाना के कर्मचारियों के लिए एक स्थायी और सुविधाजनक स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इच्छी स्थित दो मंजिला किसान भवन में बहुत कम उपयोग हो रहा है, और यह भवन अकसर बंद रहता है। यदि इस भवन को पुलिस थाना के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, तो न केवल पुलिस कर्मचारियों को सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि भवन की नियमित साफ-सफाई और देखरेख भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा, शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि गगल पुलिस थाना का संचालन फिलहाल किराये के भवन में हो रहा है। यदि इच्छी स्थित किसान भवन मिल जाता है तो इससे काफी सुविधा मिलेगी। इस मुद्दे पर उपायुक्त कांगड़ा से बातचीत की गई है। एसपी ने यह भी बताया कि थाना भवन के लिए ग्राम पंचायत वैदी और ग्राम पंचायत भड़ियाड़ा में जगह का निरीक्षण किया गया है।