देहरागोपीपुर /डाडासीबा (कांगड़ा)। थाना डाडासीबा के तहत क्षेत्र में घूमने आए एक पर्यटक दल के टेंपो ट्रैवलर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में डाडासीबा में मौत हो गई है। मृतक की पहचान जितेंद्र कुमार (47), निवासी कैर, नजफगढ़, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस के अनुसार दिल्ली निवासी अमित कुमार अपने परिवार और दोस्तों के साथ हिमाचल घूमने आए थे। उन्होंने एक टेंपो ट्रैवलर किराये पर लिया था। जिसके चालक जितेंद्र कुमार थे।
बीती रात सभी लोग डाडा क्षेत्र में अमित कुमार के एक रिश्तेदार के घर ठहरे हुए थे। रात का खाना खाने के बाद अमित, उनके साथी और चालक जितेंद्र कुमार बरामदे में चारपाई पर सो गए। शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे चालक जितेंद्र कुमार घर के पीछे बाथरूम के पास बीमार अवस्था में बैठे मिले। उन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। किसी भी गवाह ने फिलहाल किसी तरह के संदेह की बात नहीं कही है। उधर, जितेंद्र के परिवार को सूचित कर दिया गया है। एसडीपीओ डाडासीबा राज कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शव को देहरा अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि परिवार के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।