कांगड़ा। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खोली में मंदिर में जलाई गई ज्योति से आग लगने के कारण एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घायल महिला की पहचान विमला देवी निवासी खोली के रूप में हुई है। उन्हें उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी टांडा से सूचना मिली थी कि विमला देवी को आग से झुलसने पर टांडा अस्पताल लाया गया है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। विमला देवी ने बताया कि उन्होंने कमरे में बने मंदिर में माता की ज्योति जलाई थी। इसके बाद वह पति के साथ उसी कमरे में सो गईं।
रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच मंदिर की ज्योति से आग परदे में लग गई जिससे बिस्तर और उनके कपड़ों ने आग पकड़ ली। आग लगने से उनकी दोनों टांगें, छाती का कुछ हिस्सा, दाहिना बाजू और दोनों हाथ झुलस गए। महिला के पति ने आग बुझाने का प्रयास किया और परिजनों की सहायता से उन्हें तुरंत टांडा अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि महिला ने बयान में किसी पर भी शक जाहिर नहीं किया है। हादसे का कारण मंदिर की ज्योति से परदे में लगी आग बताया है। अभी कोई अभियोग दर्ज नहीं किया गया है।