एचपीसीए स्टेडियम में 11 मई को पंजाब बनाम दिल्ली और 14 को मुंबई के मैच के लिए होटलों के कमरे 30-30 फीसदी तक हो चुके बुक
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 11, 14 और 17 मई को होने वाले आईपीएल मुकाबलों से पहले ही पर्यटन नगरी क्रिकेट के रंग में रंग गई है। बड़े मुकाबलों के चलते शहर के होटलों में एडवांस बुकिंग तेजी से बढ़ रही है। खासकर पंजाब और बंगलूरू की टीमों के बीच 17 मई को होने वाले हाई-वोल्टेज मैच में विराट कोहली की बल्लेबाजी देखने के लिए उत्साह है। इस मैच के लिए होटलों के आधे से ज्यादा कमरे पहले ही रिजर्व हो चुके हैं।
इसके अलावा 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स, जबकि 14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस होने वाले मैच को लेकर होटलों में 30-30 फीसदी तक एडवांस बुकिंग दर्ज हो चुकी है। रोजाना बाहरी राज्यों सहित विदेशों से क्रिकेट प्रेमी होटल बुकिंग और यहां के लिए कनेक्टिविटी की जानकारी ले रहे हैं।
हालांकि होटल कारोबारियों की मानें तो यह एडवांस बुकिंग धर्मशाला के होटलों में है। यहां के होटल पैक होने के बाद ही मैच देखने आने वाले क्रिकेट प्रेमी पर्यटक मैक्लोडगंज के होटलों की ओर रुख करते हैं।
आईपीएल के मैचों को लेकर धर्मशाला के होटलों में एडवांस बुकिंग के लिए फोन आ रहे हैं। कुछ ऑनलाइन बुकिंग करवा रहे हैं। मैचों के दौरान होटलों के फुल पैक होने की उम्मीद है - राहुल धीमान, अध्यक्ष, स्मार्ट सिटी होटल एवं रेस्तरांं एसोसिएशन धर्मशाला
आईपीएल मैचों को लेकर अधिकतर होटल बुकिंग लोअर धर्मशाला के होटलों में होती है। धर्मशाला के होटल बुक होने के बाद ही क्रिकेट प्रेमी पर्यटक मैक्लोडगंज के होटलों की ओर रुख करते हैं। उम्मीद है कि मैक्लोडगंज के होटल भी मैचों के दौरान पूरी तरह पैक हो जाएंगे। -अश्वनी बांवा, अध्यक्ष, होटल एंड रेस्तरांं एसोसिएशन धर्मशाला