धर्मशाला। क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में रविवार को होने वाले टी-20 मैच को लेकर मैच देखने के चाहवान टिकट के लिए सुबह साढ़े आठ बजे ही टिकट काउंटर के सामने कतार में लग गए थे। स्टेडियम के बाहर दूसरे दिन भी टिकट खरीदने वालों की काफी भीड़ जुटी रही। जो सुबह साढ़े आठ बजे लाइन में लगा था, उसे लगभग पूर्वाह्न 11 बजे टिकट मिला है। हालांकि, तीन अलग-अलग टिकट बिक्री काउंटर लगाए हैं और सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ही टिकटों की बिक्री की जा रही है। इस बार एचपीसीए की ओर से टिकट की हार्ड कॉपी नहीं दी जा रही, बल्कि टिकट लेने वाले को एक लिंक दिया जा रहा है, जो रविवार को तीन बजे के बाद ही स्कैन होगा।
टिकट लेने के लिए लगभग साढ़े दस बजे से लाइन में लगे हैं, मगर अभी तक नंबर नहीं आया है। दोपहर तक तो टिकट मिल जाएगा और रविवार को हम भी मैच को लाइव देखेंगे।
-दिलीप प्रधान, धर्मशाला
सुबह आठ बजे हम पालमपुर से धर्मशाला के लिए निकले और लगभग 10 बजे स्टेडियम के बाहर पहुंचे। टिकट काउंटर पर काफी भीड़ जमा थी। हम भी लाइन में लगे हैं, देखते हैं कब तक टिकट मिलता है।
-रोहित कुमार, पालमपुर
हम नासिक महाराष्ट्र से शुक्रवार शाम को ही धर्मशाला पहुंंचे और सुबह टी-20 मैच का टिकट लेने के लिए टिकट काउंटर पर कतार में खड़े हैं। अभी तक नंबर नहीं आया है। टिकट मिल जाएगा तो मैच को हम भी देख पाएंगे।
-यश गिटे, महाराष्ट्र
हांगकांग से परिवार के साथ जयपुर घूमने आए हैं। मेरा परिवार जयपुर में रुका है। मैं अकेला शुक्रवार को मैक्लोडगंज पहुंचा और शाम को वहीं पर ही रुका। रविवार को होने वाले मैच की टिकट के लिए सुबह ही लाइन में लग गया था और पूर्वाह्न 11: 30 बजे मुझे मेरे टिकट का लिंक मिल गया और रविवार को मैच का आनंद लूंगा।
-रोशन, हांगकांग