नगर पंचायत कार्यालय के स्थानांतरण का किया विरोध
39 मील व्यापार मंडल ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर (कांगड़ा)। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर 39 मील व्यापार मंडल मुखर हो गया है। वीरवार को व्यापार मंडल की बैठक अध्यक्ष राकेश चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद एसडीएम गणेश ठाकुर के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में नगर पंचायत कार्यालय को मिनी सचिवालय में स्थानांतरित करने के फैसले की कड़े शब्दों में निंदा की गई।
व्यापारियों ने इस निर्णय को तुगलकी फरमान बताते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है। इसके अलावा व्यापार मंडल ने राष्ट्रीय राजमार्ग की क्रॉसिंग पर हर रोज लगने वाले भारी जाम पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि जाम के कारण व्यापारियों और स्थानीय ग्रामीणों को सड़क पार करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।
उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि नागरिक अस्पताल और पशु अस्पताल के पास सरकारी आदेशों के बावजूद वाहनों की गलत पार्किंग हो रही है, जिससे मरीजों और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
वहीं, अस्पताल जाने वाली सड़क पर बरसात का पानी जमा रहने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। व्यापारियों ने प्रशासन से वहां उचित पानी की निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। इस मौके पर व्यापार मंडल के सचिव राम प्रसाद शर्मा, उपाध्यक्ष जीवन कोंडल, उपाध्यक्ष राहुल शर्मा और सह-सचिव कुलदीप ठाकुर सहित अन्य कारोबारियों और स्थानीय लोगों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर अपना समर्थन जताया।