संवाद न्यूज एजेंसी
रक्कड़ (कांगड़ा)। राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर चामुखा के समीप 24 फरवरी को हुए भीषण सड़क हादसे में जख्मों की ताव न सहते हुए कार चालक राकेश कुमार ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की कुल संख्या अब तीन हो गई है।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल राकेश को टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। गौरतलब है कि 24 फरवरी को बस और कार की आमने-सामने की टक्कर इतनी भयानक थी कि राकेश की पत्नी शशि बाला और सास सोमा देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी।
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे जख्म दिए हैं। हादसे में पहले ही दो बच्चों की मां और नानी की मृत्यु हो चुकी थी और अब पिता का साया भी सिर से उठ जाने के कारण दोनों बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। पूरे क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक की लहर है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि घायल चालक की मौत के बाद अब इस दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। पुलिस मामले में आगामी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।