धर्मशाला। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों से स्वेच्छा से अध्यापकों के लिए ड्रेस कोड अपनाने की अपील अब रंग दिखाने लगी है। इसके चलते अब जिले के कई स्कूलों ने स्वेच्छा से ड्रेस कोड लागू करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते राजकीय उच्च विद्यालय कोतवाली बाजार के शिक्षकों ने भी ड्रेस कोड को अपनाया है। स्कूल में तैनात महिला शिक्षक महरून रंग के सलवार और सूट में नजर आएंगी। वहीं काली पेंट और सफेद कमीज में स्कूल के पुरुष शिक्षक नजर आएंगे।
स्कूल की प्रिंसिपल अनु शर्मा ने बताया कि शिक्षकों ने स्वेच्छा से ड्रेस कोड को अपनाया है। यह ड्रेस कोड सप्ताह में दो बार अपनाया जाएगा। इसमें सोमवार और वीरवार को चिह्नित किया गया है। इन दो दिनों में स्कूल के अध्यापक-अध्यापिकाएं इस अपनाए गए ड्रेस कोड में नजर आएंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिला कांगड़ा के चार विभिन्न स्कूलों ने ड्रेस कोड अपनाने की सहमति जताई थी। वहीं अब जिले के अन्य स्कूलों से भी ड्रेस कोड अपनाने की सूचनाएं मिल रही हैं। हर स्कूल में अपने-अपने हिसाब से रंग को चुना जा रहा है।