धर्मशाला। स्वास्थ्य विभाग कांगड़ा द्वारा टीबी की जोखिमपूर्ण आबादी की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को हेल्थ सेंटर लंबागांव में जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के माध्यम से 120 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सूद ने बताया कि जांच में 13 लोगों में टीबी के शुरुआती लक्षण पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर नियमित रूप से लगाए जा रहे हैं ताकि समय रहते टीबी रोगियों की पहचान कर उन्हें इलाज मुहैया कराया जा सके। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि खांसी, बुखार या वजन कम होने जैसे लक्षण नजर आएं तो निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच करवाएं। टीबी पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है, जरूरत है समय पर पहचान और नियमित दवा लेने की। ब्यूरो