टैक्सी और ट्रक ऑपरेटरों के सामने खड़ी हुई पासिंग करवाने की समस्या
दस्तावेज जमा करवाने के बाद 31 दिसंबर 2021 से दिखा रहा पेंडेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। टैक्सी और ट्रक आपरेटर इन दिनों एक अजीब परेशानी से जूझ रहे हैं। स्पेशल रोड टैक्स से जुड़े दस्तावेज संबंधित कार्यालय में जमा करवाने के बाद भी वे नया टैक्स जमा नहीं करवा पा रहे हैं। क्योंकि विभाग की वेबसाइट पर एप्लाई करने पर बार-बार 31 दिसंबर, 2021 तक टैक्स क्लीयर न होने की नोटिफिकेशन दिख रही है।
ट्रक ऑपरेटरों ने विभाग से इस समस्या के जल्द समाधान की मांग की है। ट्रक मालिक अचल पठानिया, मुन्ना, जीवन, विपन, बिट्टू, अंकित, राकेश, विक्की, अखिल और अनमोल का कहना है कि व्यावसायिक वाहन की हर साल पासिंग होती है। नियम के अनुसार ऐसा न करने पर वाहन सड़क पर नहीं चल सकता। पकड़े जाने पर जुर्माना भरना पड़ता है।
वे पहले ही काम न मिलने से परेशान हैं। अब सब टैक्स क्लियर होने के बावजूद भी उन्हें यह समस्या आ रही है। वे समय पर पिछले सारे टैक्स भर चुके हैं। फिर भी विभाग की वेबसाइट पर टैक्स पेंडिंग दिखा रहा है। इस संबंध उन्होंने आरएलए कार्यालय में संबंधित दस्तावेज भी जमा करवाए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। वेबसाइट पर पुराने बकाया की मैसेज आने के कारण अब वे नया टैक्स का भी भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, जबकि वह पहले ही सारे टैक्स जमा करवा चुके हैं। इस स्थिति के कारण वाहनों की पासिंग नहीं हो रही। मजबूरी में वे ट्रक सड़क पर नहीं उतार पा रहे। इस कारण उनके सामने काम का संकट खड़ा हो गया है। ऐसी स्थिति में उनके सामने ट्रक के लोन की किस्त चुकाना भी चुनौती बन गया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस समस्या का समाधान का समाधान करवाया जाए।