बैजनाथ उपमंडल के भट्टू के जंगल में सड़क निकालकर प्लॉट बेचने की तैयारी में था व्यक्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के भट्टू में जंगल में अवैध रूप से सड़क का निर्माण करने और पेड़ काटने को लेकर वन विभाग ने कार्रवाई की है। वन परिक्षेत्र बैजनाथ के भट्टू के जंगलों में अवैध तौर पर वन विभाग की भूमि पर जेसीबी चलाने, सड़क बनाने और करीब 20 पेड़ काटने पर गांव के ही एक व्यक्ति पर एक लाख 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी आदित्य सिंह ने बताया कि व्यक्ति की ओर से वन विभाग की भूमि को काफी समय से नुकसान पहुंचाया जा रहा था । उस जगह पर करीब 20 पेड़ भी काटे गए थे। इसकी सूचना मिलने पर विभाग ने कार्रवाई अमल में लाई है। वन विभाग की इस भूमि पर अवैध तरीके से सड़क बनाई जा रही थी। वन विभाग के कर्मियों के सामने मामला आने के बाद उन्होंने आला अधिकारियों को अवगत करवाया। उक्त व्यक्ति कई दिनों तक वन कर्मियों को इस सड़क को मलकियत भूमि में होने का झांसा देता रहा, लेकिन वन विभाग के अधिकारियों ने जब राजस्व विभाग के माध्यम से पैमाइश करवाई तो भूमि वन विभाग की निकली।
मौके पर ही जुर्माना कर दिया गया और वन विभाग की भूमि को पहुंचाए गए नुकसान के एवज में उक्त व्यक्ति को भूमि के दोनों तरफ दीवार लगाने को भी कहा गया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी आदित्य सिंह ने कहा कि बनाई गई सड़क की जमीन पर तकरीबन 20 पेड़ भी काटे गए हैं। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति जंगल से सड़क बनाकर पिछली तरफ अपनी मलकियत भूमि में प्लाट बनाकर बेचने की फिराक में था, जिसे वन विभाग ने नाकाम कर दिया है।