धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के चेयरमैन मनोज ठाकुर ने विधायक सुधीर शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी पर कड़ा प्रहार किया है। धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह की अभद्र भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के बिल्कुल विपरीत है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मनोज ठाकुर ने कहा कि सुधीर शर्मा की तथाकथित सौम्य छवि अब जनता के सामने उजागर हो चुकी है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणियां करना सरासर गलत है। विधायक की संपत्ति पर उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यदि संपत्ति वैध है तो सुधीर शर्मा को जांच एजेंसियों का खुलकर सहयोग करना चाहिए, उन्हें किसी प्रकार के भय की आवश्यकता नहीं है।
मनोज ठाकुर ने कहा कि यदि किसी ने अवैध संपत्ति अर्जित की है तो कानून नियमानुसार काम करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच एजेंसियां पूरी तरह स्वतंत्र हैं और प्रदेश सरकार का मकसद किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि अनियमितताओं पर निष्पक्ष कार्रवाई करना है।