धर्मशाला। विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा, कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र जग्गी और आजाद प्रत्याशी राकेश चौधरी ने अपने-अपने बूथों पर अपनी लाज बचा ली है। तीनों प्रत्याशियों को अपने बूथों को बढ़त मिली है। हालांकि तीनों के बूथों पर 17 लोगों ने उन्हें चुनने की बजाय नोटा का बटन दबाया। अपने बूथ पर सबसे अधिक वोट सुधीर शर्मा और सबसे कम वोट राकेश चौधरी को मिले।
भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा को अपने बूथ रक्कड़ (69) में 540 वोट मिले। वहीं, इसी बूथ में कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र जग्गी ने भी सेंध लगाते हुए 317 मत प्राप्त किए और आजाद प्रत्याशी राकेश चौधरी को केवल 20 वोट ही मिल पाए। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र जग्गी ने अपने बूथ श्याननगर-1 (16) पर 489 वोट प्राप्त किए और सुधीर शर्मा को वहां से 256 वोट मिले। जबकि आजाद प्रत्याशी राकेश चौधरी को वहां से 14 वोट ही मिल सके। कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के बूथों पर राकेश चौधरी को केवल 34 मत ही प्राप्त हुए। राकेश चौधरी को उनके बूथ पद्दर-2 (88) में 206, जग्गी को 143 और सुधीर को 128 वोट मिले। राकेश चौधरी अपने ही बूथ पर ज्यादा बढ़त नहीं बना पाए। मतगणना के दौरान देवेंद्र जग्गी के बूथ पर सात लोगों ने उन्हें चुनने की बजाय नोटा का बटन दबाया। इसी तरह सुधीर के बूथ पर पांच और राकेश चौधरी के बूथ पर भी पांच मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया। उपचुनाव में कुल मतों में से सुधीर शर्मा को 45.06 प्रतिशत, देवेंद्र जग्गी को 36.19 प्रतिशत और राकेश चौधरी को 17.29 प्रतिशत वोट मिले।
इनसेट:
उपचुनाव में ज्यादा हुआ मतदान
धर्मशाला हलके में विधानसभा चुनाव से अधिक मतदान उपचुनाव में हुआ। उपचुनाव में 62,417 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। जबकि 2022 के चुनाव में 60,370 लोगों ने वोटिंग की थी। विस चुनाव के मुकाबले उपचुनाव में 2,047 मतदाताओं ने अधिक वोट किया। इसका कारण साथ में हुए लोकसभा चुनाव भी हैं।