कृषि विवि पालमपुर में धरना प्रदर्शन करते छात्रस्त्रोत संगठन
पालमपुर (कांगड़ा)। चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि और आईसीएआर सीटों में कटौती के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा।
इस दौरान विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया। एबीवीपी के अनुसार चार दिन के आंदोलन के दौरान ई-मेल अभियान, ब्लैक डे, रैली, धरना-प्रदर्शन और हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
ई-मेल अभियान में 200 से अधिक छात्रों ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के अधिकारियों को 400 से अधिक ई-मेल भेजकर फीस वृद्धि वापस लेने और आईसीएआर सीटें बहाल करने की मांग की।
एबीवीपी अध्यक्ष शैफाली ठाकुर ने कहा कि नई शुल्क संरचना के तहत अधिकांश पाठ्यक्रमों की फीस में 28 से 36 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है, जबकि कॉलेज ऑफ वेटरिनरी साइंस में एसएफएस की फीस लगभग 10 लाख से बढ़ाकर 18 लाख रुपये कर दी गई है।
उन्होंने आईसीएआर सीटों में कटौती और एसएफएस सीटों में बढ़ोतरी को छात्रों के हितों के खिलाफ बताते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।