पालमपुर (कांगड़ा)। राज्य स्तरीय पालमपुर होली मेला का इस वर्ष एक से चार मार्च तक होगा। शनिवार को उत्सव के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी की समीक्षा बैठक हुई। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम डॉ. ओपी यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक आशीष बुटेल विशेष रूप में मौजूद रहे।
विधायक ने बैठक में अधिकारियों को उत्सव को भव्य और यादगार बनाने के निर्देश दिए। इस बार चार मार्च को चंद्रग्रहण होने के कारण पालमपुर में होली का मुख्य पर्व और उत्सव की पूर्णता चार मार्च को होगी। विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि पालमपुर की होली मात्र एक मेला नहीं, बल्कि लोगों की अटूट आस्था का संगम है। उन्होंने उत्सव के स्तर को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सामूहिक सहयोग पर बल दिया।
बैठक में तय किया गया कि महोत्सव के दौरान भव्य झांकियों के साथ-साथ सांस्कृतिक संध्याओं और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सभी सरकारी विभाग प्रदर्शनियों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आम जन तक पहुंचाएंगे। मेले की यादों को संजोने के लिए विशेष स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा।
बैठक में मेले के दौरान कानून, परिवहन और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासन का प्रयास है कि मेले के दौरान शहर में यातायात सुचारू रहे और बाहर से आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इस बैठक में महापौर गोपाल नाग, उपमहापौर राज कुमार, आयुक्त नेत्रा मेती, डीएसपी लोकेंद्र नेगी और व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरिंद्र सूद सहित विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने भाग लिया।