मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास योजनाओं की घोषणाएं कीं। उन्होंने नूरपुर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का सब डिवीजन खोलने, 100 बिस्तर क्षमता वाले सिविल अस्पताल का दर्जा बढ़ाकर 150 बिस्तर करने, सुल्याली में लोनिवि का रेस्ट हाउस, नूरपुर शहर में इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की। इसके अलावा सीएम ने नूरपुर विस क्षेत्र के तहत पड़ने वाले 9 सरकारी स्कूलों को स्तरोन्नत करने की घोषणा की।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला बलकोह, बदूही व भोल ठाकरां को स्तरोन्नत कर मिडल, सुतराहड़, फत्तू का बाग व टीका नगरोटा राजकीय माध्यमिक पाठशाला को अपग्रेड कर राजकीय उच्च पाठशाला तथा जाच्छ, गेही लगोढ़ व कोपड़ा राजकीय उच्च पाठशाला को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणाएं जनसभा में की हैं। इसके अलावा जसूर में सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, कमनाला में पंचायत भवन के लिए 3 लाख रुपये, नूरपुर नगर परिषद में कूड़ा-कचरा ढोहने के लिए दो टेंपो देने, शहर में प्रस्तावित पार्किंग के लिए 20 लाख रुपये मंजूर करने की घोषणा की। जनसभा में सीएम ने नूरपुर में नशा निवारण केंद्र खोलने का भी एलान किया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ये घोषणाएं जसूर में आयोजित जनसभा के दौरान कीं। इससे पहले मुख्यमंत्री का बुधवार सुबह गनोह में नूरपुर विस क्षेत्र में पहुंचने पर विधायक अजय महाजन की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बैंडबाजों व फूलमालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।
नूरपुर में बनेगी चार मंजिला पार्किंग
विधानसभा क्षेत्र में किए कई शिलान्यास और उद्घाटन
जनसभा से पहले सीएम ने करीब 3.29 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 6.360 किलोमीटर लंबी चरूड़ी-घेटा बायां मेटा-गुड़ा सड़क का विधिवत भूमिपूजन किया। इसके बाद 1.43 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित हड़ल पुल का उद्घाटन किया तथा नूरपुर सिविल अस्पताल के समीप 37 करोड़ की लागत से नूरपुर-सांझी नाला बायां तुन्नुहट्टी सड़क के सुधारीकरण कार्य का भूमिपूजन किया।
इसके बाद नूरपुर के न्याजपुर में हनुमान मंदिर के समीप करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मल्टीस्टोरी पार्किंग कांप्लेक्स की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने शहर में बेतरतीब पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए यहां तीन की बजाय चार मंजिला पार्किंग कांप्लेक्स का निर्माण करने की घोषणा की तथा इसके लिए 20 लाख रुपये भी मंजूर किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, नूरपुर हलके के विधायक अजय महाजन, सीपीएस नीरज भारती, नूरपुर नप अध्यक्ष कृष्णा महाजन, उपाध्यक्ष यशपाल सोगा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद, पूर्व नप अध्यक्ष राकेश महाजन सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।