मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के लाभार्थियों को दी जाएगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी देहरा
गोपीपुर (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र परिवारों को योजना के लाभों की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए जिला कांगड़ा की सभी ग्राम पंचायतों में 17 नवंबर को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में योजना के तहत चिह्नित परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 5(3) तथा हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (सामान्य) नियम, 1997 के नियम 9(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 17 नवंबर, 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित करने की तिथि निर्धारित की हुई है। अधिसूचना के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक कार्यालय शिमला की ओर से जारी निर्देशों के तहत इन ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।
जिला विकास अधिकारी कांगड़ा अभिनीत कात्यायन ने बताया कि विशेष ग्राम सभाओं में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने लोगों से इन ग्राम सभाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। इन ग्राम सभाओं के माध्यम से योजना के पात्र परिवारों तक जानकारी पहुंचाने के साथ इसके क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा।