छोटा भंगाल के करीब एक दर्जन ऊपरी गांवों में देर रात सर्दियों का पहला हिमपात हुआ। वहीं निचले गांवों में बारिश से पूरा इलाका भारी ठंड की चपेट में आ गया है।
लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। घाटी में एकाएक हुई बर्फबारी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि अब तक लोगों ने इसके लिए तैयारियां पूरी नहीं की हैं।
लोगों ने अभी तक सर्दियों के लिए कोई भी सामान, पशुओं के लिए चारा, लकड़ी इकट्ठा नहीं की है। घाटी के ऊपरी क्षेत्र के रोलिंग, पंजोड, प्लाचक, पनयारटू, देबीबडधरनी, कुकड गुंधा, राज गुंधा और लोलार के गांव में हल्की बर्फबारी हुई है।
गांव के रामचंद, सीता राम, कृषण, भीम सिंह, रोशन और सूबा राम ने कहा की फसलों के लिए तो बारिश तो अच्छी है। लेकिन अभी तक लकड़ी, घास इकट्ठा नहीं किया है।
लोगों का कहना है की अभी 15-20 दिनों तक मौसम साफ रहना चाहिए, जिससे लोग अपनी तैयारियां कर सकें। क्योंकि किसानों की मक्की और राजमाह की फसल खेतों में ही पड़ी है।