धर्मशाला के उपायुक्त कार्यालय बाहर बैठक कर मांगों के लिए नारेबाजी करते हुए ट्रैक्सी ऑपरेटर। संव
धर्मशाला। रानीताल के गाहलियां के अलावा अन्य स्थानों पर वाहन पासिंग की सुविधा न मिलने के विरोध में वीरवार को जिलेभर के टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। उनकी मांग है कि जैसे पहले विभिन्न 21 स्थानों पर वाहन पासिंग की जाती थी, उसी व्यवस्था को बहाल किया जाए। मांग पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर आपरेटरों ने यह कदम उठाया।
जिले के व्यावसायिक वाहन आपरेटर (टैक्सी, ऑटो, निजी बस) यूनियनों के प्रतिनिधियों ने 6 अप्रैल को हड़ताल करने का निर्णय लिया है। इस दिन व्यावसायिक वाहन आपरेटर महात्मा गांधी स्मृति वाटिका में एकत्रित होंगे। जिले की टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने सरकार व प्रशासन को 6 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने चेताया कि हड़ताल से जनता को होने वाली परेशानी के लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
मैक्लोडगंज टैक्सी यूनियन के प्रधान अशोक शर्मा ने कहा कि सरकार टैक्सी आपरेटरों की मांगों को अनदेखा कर रही है। ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) गाहलियां में वाहन पासिंग के लिए जाना पड़ रहा है, जहां सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। 19 मार्च से लगातार सरकार के समक्ष मांग उठाई जा रही है। ऑटो का परमिट 20 किलोमीटर का होता है। ऐसे में ऑटो चालक कैसे वाहनों की पासिंग के लिए गाहलियां पहुंच सकते हैं।
इसके अलावा जो व्यावसायिक वाहन चालक गाहलियां में वाहन पासिंग के लिए पहुंच रहे हैं उन्हें भी पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसलिए सरकार को 6 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया है। इसके बावजूद बात नहीं मानी तो आगामी रणनीति बनाई जाएगी।