ढगवार मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट पर पहुंची मशीनें। स्रोत: अमर उजाला
परियोजना स्थल पर पहुंचीं अतिरिक्त मशीनें
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के ढगवार में निर्माणाधीन दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र के लिए अतिरिक्त मशीनरी परियोजना स्थल पर पहुंच गई है। इससे पहले भी बीते माह संयंत्र से संबंधित कुछ मशीनरी यहां लाई जा चुकी है। हाल ही में कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार चौधरी ने संयंत्र स्थल का दौरा कर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) के अधिकारियों को दिए थे।
इसके बाद बोर्ड के अधिकारियों ने कार्य में तेजी लाते हुए अब तक लगभग 60 फीसदी निर्माण पूरा कर लिया है, जबकि शेष 40 प्रतिशत कार्य अभी बाकी है। एनडीडीबी के मुताबिक जुलाई के अंत तक संयंत्र का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। यदि सभी कार्य तय समय पर पूरे हुए तो अगस्त के पहले सप्ताह में संयंत्र का शुभारंभ करवा दिया जाएगा। 225 करोड़ रुपये की लागत से ढगवार में 76 कनाल भूमि पर बनाए जा रहे इस दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का शिलान्यास मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 23 जनवरी 2025 को किया था। संयंत्र में दही, लस्सी, मक्खन, घी, पनीर, फ्लेवर्ड मिल्क, खोया और मोजरेला पनीर सहित विभिन्न प्रकार के डेयरी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इस परियोजना से प्रदेश के पांच जिलों के लगभग 35 हजार पशुपालकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का निर्माण इस वर्ष जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।