सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट क्षेत्र में पिछले एक माह से फैल रहे पीलिया ने लोगों में भय का माहौल बना दिया है। बीते दो दिनों में नागरिक अस्पताल सरकाघाट में पीलिया के छह नए मामले सामने आए।
इनमें से चार मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया जबकि दो मरीजों को ओपीडी से उपचार देकर घर भेज दिया गया। वर्तमान में नागरिक अस्पताल में कुल सात मरीज अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
नागरिक अस्पताल सरकाघाट के एसएमओ डॉक्टर संजीव कुमार ने बताया कि पीलिया मामलों को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई का ध्यान रखने, उबला हुआ पानी पीने, नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ही उपचार लेने और झाड़-फूंक जैसी प्रथाओं से दूर रहने की अपील की। उन्होंने बाहर के खाने से परहेज करने और डॉक्टरों की सलाह का पालन करने पर भी जोर दिया।
वहीं, बीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मेडिकल विभाग और जल शक्ति विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। आपसी समन्वय के साथ बचाव व रोकथाम के कार्यों में लगातार जुटे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है।