अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती खनियारा का ऐतिहासिक श्री इंद्रु नाग देवता का छिंज मेला शुक्रवार को झंडा रस्म निभाने के साथ शुरू होगा। हवन-पाठ और खेलपात्र का आयोजन भी होगा। ऐतिहासिक मेला 27 से 30 मार्च तक पटोला मैदान में आयोजित होगा। दंगल में विजेता को एक लाख रुपये और उपविजेता को 81 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
मेला कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन ईश्वर ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी नीरज ने बताया कि इंद्रु नाग देवता की छड़ी मुख्य मंदिर से पहले कोटासनी माता मंदिर तक शोभायात्रा के साथ जाएगी। फिर कोटासनी माता मंदिर से पटोला मैदान तक पहुंचेगी। पटोला अखाड़ा में दंगल होगा। 29 मार्च को बड़ी माली होगी। 30 मार्च को मेला व खेलें होंगी। दुकानें पहले आओ पहले पाओ के आधार पर आवंटित की जा रही हैं। दुकानदारों को डस्टबिन रखना होगा। इस साल भी खनियारा मेला नशा मुक्त घोषित किया गया है। उप समितियां भी गठित की हैं।