ज्वालामुखी (कांगड़ा)। लॉरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी कथोग की पीएचडी शोधार्थी शालू शुक्ला ने राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान और हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने एलएम कॉलेज ऑफ फार्मेसी अहमदाबाद में हुए फार्माअन्वेषण-2026 में अपने शोध पत्र के उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण के लिए प्रथम स्थान हासिल किया। इसके लिए उन्हें प्रशस्ति-पत्र, ट्रॉफी और 21,000 रुपये की नकद पुरस्कार मिला है।
शालू शुक्ला की इस सफलता पर संस्थान में हर्ष का माहौल है। लॉरेट एजुकेशनल सोसायटी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रण सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि शालू की उपलब्धि संस्थान की अनुसंधान संस्कृति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण है जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। संस्थान के प्राचार्य डॉ. एमएस आशावत ने इसे अकादमिक उत्कृष्टता का प्रमाण बताया, जबकि शोध मार्गदर्शक डॉ. विनय पंडित ने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान से देश का नाम गौरवान्वित करती रहेंगी।