धर्मशाला के जिला परिषद कार्यालय के बाहर हिम ईरा शाॅप का शुभारंभ करते उपायुक्त हेमराज बैरवा। स्त
धर्मशाला। जिला कांगड़ा में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की ब्रांडिंग तथा विपणन के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने सोमवार को धर्मशाला के जिला परिषद कार्यालय के बाहर हिम ईरा शाॅप का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं की ओर से ग्रामीण स्तर पर आर्गेनिक तरीके से अलग-अलग उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। अब हिम ईरा शॉप्स के माध्यम से इन उत्पादों के विपणन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
दुकान का काउंटर कांगड़ा की लखपति दीदी लक्ष्मी देवी व उनकी अन्य सहयोगियों ने संभाला है। दुकान पर समूहों की ओर से खुद के तैयार किया साबुन, आचार, दाल की बड़ियां, शहद, बालों का तेल, सेपू बड़ी, दलिया इत्यादि रखा गया है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि कांगड़ा तथा नगरोटा में हिम ईरा शाॅप्स तैयार की गई हैं। अन्य उपमंडलों में भी हिम ईरा शॉप्स के निर्माण के लिए उचित कदम उठाने के दिशा निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने कहा कि उत्पादों की आनलाइन बिक्री के लिए हिम ईरा की वेबसाइट तैयार की गई तथा सभी स्वयं सहायता समूहों को वेबसाइट के साथ जोड़ा जा रहा है। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी डीआरडीए चंद्र वीर, एडीसी विनय कुमार, जिला पंचायत अधिकारी नीलम कटोच, उपनिदेशक बागवानी कमलशील नेगी सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
धर्मशाला के जिला परिषद कार्यालय के बाहर हिम ईरा शाॅप का शुभारंभ करते उपायुक्त हेमराज बैरवा। स्त