धर्मशाला। पुलिस मैदान धर्मशाला में तीस मार्च तक चलने वाले सरस मेले का सोमवार को विधिवत रूप से शुभारंभ हो गया। उद्घाटन समारोह में गद्दी लोक नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति दी गई। सरस मेले में हिमाचल सहित अन्य प्रांतों के स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलवाने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद किशन कपूर ने मेले का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा, एडीसी राहुल कुमार, जिला परिषद के अध्यक्ष रमेश बराड़, नगर निगम के महापौर ओंकार नैहरिया, भाजपा के जिला महामंत्री सचिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। सरस मेले में देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूह अपने उत्पादों के साथ पहुंचे हैं।
वॉल ऑफ इंडिपेंडेंस और सेल्फी प्वाइंट बने आकर्षण
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत लोक संपर्क व संचार ब्यूरो की ओर से सरस मेले के दौरान आजादी का अमृत महोत्सव विषय पर सोमवार को एक डिजिटल मल्टी मीडिया प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। लोक संपर्क ब्यूरो के संयुक्त निदेशक अमित कुमार राणा ने बताया कि इनका उद्देश्य विभिन्न प्रदेशों के स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में लोगों को जानकारी देना है। प्रदर्शनी में बनाए गए वॉल ऑफ इंडिपेंडेंस और सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इस प्रदर्शनी के माध्यम से सरस मेले में आने वाले लोगों को स्वतंत्र सेनानियों के बारे में करीब से जानने का मौका मिलेगा। प्रदर्शनी में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से जुड़े कलाकार रंगारंग प्रस्तुतियां देकर लोगों को देशभक्ति का संदेश दे रहे हैं।