सुंदरनगर में अंडर-14 इंटर-प्रोजेक्ट स्कूल स्पोर्टस ओलंपियाड में कबड्डी के मैच में जीत के लिए सं
- फोटो : सांकेतिक
सुंदरनगर (मंडी)। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) की बीएसएल प्रोजेक्ट सुंदरनगर में तीन दिवसीय इंटर-प्रोजेक्ट स्कूल स्पोर्ट्स ओलंपियाड शनिवार को शुरू हुआ। पहले दिन कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों में बीएसएल सलापड़ स्कूल, बीएसएल सुंदरनगर, गंगुवाल स्कूल और डीएवी तलवाड़ा की टीमों ने जीत हासिल की।
इस ओलंपियाड का बीबीएमबी चेयरमैन मनोज त्रिपाठी ने औपचारिक शुभारंभ किया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना को बढ़ाना है। चीफ इंजीनियर बीएस नारा ने बताया कि 6 से 8 दिसंबर तक चलने वाली इन प्रतियोगिताओं में बीबीएमबी के विभिन्न 6 स्कूलों के 300 से अधिक खिलाड़ी अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में हिस्सा ले रहे हैं।
बीबीएमबी सुंदरनगर के जनसंपर्क अधिकारी अवतार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता मुख्य मुकाबलों में 100 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, कबड्डी, बैडमिंटन और शॉटपुट शामिल हैं। शुभारंभ मौके पर विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए और सभी खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इस अवसर पर मुख्य अभियंता ई. बीएस नारा, उप मुख्य अभियंता ई. कश्मीर सिंह ठाकुर सहित परियोजना के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कबड्डी में रोमांचक मुकाबले
सुंदरनगर बीबीएमबी कॉलोनी में आयोजित इंटर-प्रोजेक्ट स्कूल स्पोर्ट्स ओलंपियाड में कबड्डी के रोमांचक मुकाबले हुए। बीबीएमबी सुंदरनगर के जनसंपर्क अधिकारी अवतार सिंह ने बताया कि बाल टीम में बीएसएल सलापड़ स्कूल ने गंगुवाल स्कूल की टीम को हराया। वहीं, दूसरा मैच बीएसएल सुंदरनगर और डीएवी तलवाड़ा के बीच खेला गया। इसमें बीएसएल सुंदरनगर की टीम विजेता रही। कन्या वर्ग में गंगुवाल स्कूल ने मॉडल स्कूल को हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में तलवाड़ा की टीम ने बीएसएल की टीम को हराकर जीत दर्ज की।