शाहपुर (कांगड़ा)। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सुधेड़, तोतारानी, नड्डी और कजलोट में पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने के लिए 15.60 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है। इस योजना से करीब 12,000 की आबादी लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक कुसुंबर नाग मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए भी कारगर कदम उठाए जाएंगे।
पठानिया शनिवार को सुधेड़ के कुसुंबर में जनसमस्याएं सुनने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सुधेड़ पंचायत को स्मार्ट पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। यह क्षेत्र स्मार्ट सिटी के निकट है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। अष्टभुजा मंदिर तक सड़क सुविधा दी जा रही है, जबकि गतली रोड के निर्माण की तैयारी जारी है। उन्होंने कुसुंबर से अंदराड़ तक संपर्क मार्ग बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए। साथ ही सुधेड़ में रेन शेल्टर व दो हैंडपंप स्थापित करने की स्वीकृति दी गई।
पठानिया ने चड़ी पंचायत में लोगों की समस्याएं सुनीं और घोषणा की कि राणा परिवार के गांव में पार्क स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने सोलर लाइट भी स्वीकृति की। बंद कूहल की मरम्मत और जठेड़ी माता मंदिर में रिटेनिंग वॉल निर्माण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एसडीएम संजीव भोट, बीडीओ अनिल कुमार, बीएमओ कविता ठाकुर, कुसुम्बर युवा नाग कमेटी के अध्यक्ष सुनील कुमार, पंचायत प्रधान रेखा देवी, महिला मंडल की प्रधान सुनीता ठाकुर, पूर्व प्रधान राजेंद्र, पूर्व प्रधान लालमन, पूर्व प्रधान सुनील, कैप्टन ईश्वर थापा, पूर्व प्रधान अजीत नैहरिया सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नड्डी में डल झील का किया निरीक्षण
केवल सिंह पठानिया ने नड्डी की ऐतिहासिक डल झील का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने झील के सौंदर्यीकरण व जल रिसाव रोकने के लिए ‘लेक मैन ऑफ इंडिया’ आनंद मल्लिगावाद द्वारा तैयार डीपीआर के आधार पर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। ग्रामीण विकास विभाग नोडल विभाग के रूप में कार्य करेगा और इस कार्य के लिए स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु एक विकास समिति गठित की जाएगी। इसके अलावा, राजा का तालाब और गोरड़ के मछराज तालाब का भी निरीक्षण किया गया।
सुधेड़ के कुसुंबर में जनसभा को संबोधित करते उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया। -स्रोत : डीपीआरओ