No : 4धर्मशाला में सब्जी की दुकान में खरीददारी करते हुए महिला।
धर्मशाला। सड़कें बंद होने की वजह से जिले की मंडियों में ताजा सब्जियां नहीं पहुंच पा रही हैं। हालात ये हैं कि मंडी में ताजा सब्जियां न होने के कारण लोग बासी और खराब सब्जियां खरीदने के लिए मजबूर हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों की सड़कें भूस्खलन और अन्य आपदाओं के चलते बंद होने के कारण कोई भी सब्जी मंडियों में नहीं पहुंच पा रही है। इसके कारण जो भी सब्जी मंडी में पहुंच रही है, वह पंजाब से लाई जा रही हैं। हालांकि, मौजूदा समय में पंजाब के हालात भी काफी खराब हैं।
इसके अलावा मंडी में मटर आना बिल्कुल ही बंद हो गया है। कई सब्जियों के दाम बढ़े हैं। हालांकि, 80 से 100 रुपये मिलने वाला टमाटर अब 40 रुपये किलो मिल रहा है। वहीं प्याज 40 रुपये, शिमला मिर्च 160 रुपये, अरबी 80 रुपये, बींस 160 रुपये, गोभी 80 रुपये, घीया 80 रुपये, लौकी और करेले भी 80 रुपये किलो बिक रहे हैं। सब्जी विक्रेता बबलू ने बताया कि मटर चंबा के पांगी से आता है लेकिन सड़के बंद होने के कारण मटर मंडियों में नहीं पहुंच पा रहा है।
कांगड़ा की मंडियों में जो भी सब्जी पहुंच रही है, वह पंजाब से आ रही है। सड़कें बंद होने के कारण हिमाचल की कोई भी सब्जी कांगड़ा की मंडियों में नहीं पहुंच पा रही है। - शगुन, सचिव, एपीएमसी