हरिपुर (कांगड़ा)। दोसड़का से भटोली फकोरियां तक जाने वाली सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, बिखरी बजरी और बहता पानी वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। इंदिरा कॉलोनी में निजी स्कूल के पास सड़क पर बिखरी बजरी के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना हुआ है।
यह मुख्य संपर्क मार्ग इंदिरा कॉलोनी, छब्बड़, बंगोली, भटोली, रोड डिब्बर भाटियां, रंबियाल और गुप्त कॉलोनी सहित दर्जनों गांवों को जोड़ता है। इसके अलावा रोड डिब्बर स्थित प्रसिद्ध बाबा बाजी साहिब गुरुद्वारा जाने वाले अन्य राज्यों के श्रद्धालु और पौंग झील घूमने आने वाले पर्यटक भी इसी खस्ताहाल मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासी प्यार चंद, सचिन भारती, विक्की, रामस्वरूप और जयपाल ने कहा कि सड़क की अनदेखी से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क की तुरंत सुध लेकर मरम्मत कार्य शुरू करवाने की मांग की है।
-
बरसात के कारण सड़क की मरम्मत का कार्य प्रभावित हो रहा है। मौसम साफ होने और बरसात का दौर समाप्त होने के बाद सड़क की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य करवाया जाएगा। -नीरज ठाकुर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, हरिपुर