बैजनाथ में सुरेंद्र पाल के अंतिम संस्कार में पुष्प अर्पित करते संगठन के पदाधिकारी। -स्रोत : जाग
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के कुकैना गांव के निवासी एवं सीआईएसएफ सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर (एसआई) सुरेंद्र पाल का मंगलवार को उनके पैतृक गांव स्थित पल्लीकेश्वर (ताशी जोंग) श्मशान घाट पर सैन्य सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके बड़े बेटे ओंकार सिंह ने मुखाग्नि दी।
सेवानिवृत्त एसआई सुरेंद्र पाल ने सोमवार को अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से खुद को गोली मार ली थी। घटना के समय उनकी पत्नी घर से बाहर गई हुई थीं। पुलिस को मिले सुसाइड नोट और परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से विभिन्न शारीरिक बीमारियों और डिप्रेशन से पीड़ित थे, जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
अंतिम संस्कार के अवसर पर पैरामिलिट्री कल्याण संगठन हिमाचल प्रदेश के पालमपुर संगठन अध्यक्ष सीएस खरवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। संगठन के सदस्यों ने उन्हें एक समर्पित और कर्मठ साथी बताते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
स्थानीय पंचायत उपप्रधान साहिल चौधरी और ग्रामीणों ने कहा कि सुरेंद्र पाल अत्यंत धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और उन्होंने समाज सेवा में भी योगदान दिया था। इस दौरान पैरामिलिट्री संगठन के प्रदेश मुख्य पैटर्न एमएल ठाकुर, मुख्य प्रवक्ता मनवीर चंद कटोच, सहायक कमांडेंट रत्न चंद, नंदलाल, रणजीत धीमान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
बैजनाथ में सुरेंद्र पाल के अंतिम संस्कार में पुष्प अर्पित करते संगठन के पदाधिकारी। -स्रोत : जाग