अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला के ऑपरेशन थियेटर (ओटी) की छत की मरम्मत शुरू होने के कारण करीब एक माह तक ऑपरेशन नहीं हो सकेंगे। अस्पताल प्रशासन ने मरम्मत कार्य को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। ओटी में स्थापित मशीनों व अन्य उपकरणों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
ओटी बंद रहने के दौरान आपातकालीन स्थिति में मरीजों को टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ सकता है। इसका सबसे अधिक असर दुर्घटनाओं में घायल मरीजों पर पड़ने की आशंका है। अस्पताल में उनकी केवल प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी की जा सकेगी।
ऑपरेशन थियेटर की छत में लंबे समय से सीलन और अन्य तकनीकी खामियां सामने आ रही थीं। अस्पताल में हर माह 40 से अधिक ऑपरेशन किए जाते हैं। इनमें नेत्र, सर्जरी, अस्थि रोग, ईएनटी, आपातकालीन और सिजेरियन ऑपरेशन शामिल हैं। डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि जरूरतमंद मरीजों को स्थिति से अवगत कराया जाए।
सामान्य ऑपरेशनों के लिए मरीजों को फिलहाल आगे की तारीखें दी जाएंगी। उधर, अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराधा शर्मा ने बताया कि छत की मरम्मत में करीब एक माह का समय लगेगा। संबंधित ठेकेदार को कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मरम्मत कार्य के चलते अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर से मशीनों को निकालता अस्पताल स्टाफ। अमर उजाला