शाहपुर (कांगड़ा)। शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को नागरिक अस्पताल शाहपुर में लगभग 28 लाख रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से शाहपुर, जवाली और चंबा जिले के भटियात क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा।
अब मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से नया अस्पताल भवन लगभग तैयार है।
जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। मुख्यमंत्री की ओर से भवन के लिए 4 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत की गई है। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक करोल ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर शैलेश दत्त विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद विधायक ने निर्माणाधीन अस्पताल भवन, पॉलीक्लीनिक शाहपुर और शहीद स्मारक का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मानित किया।
इस मौके पर एसडीएम गणेश ठाकुर, डॉ. सुनीत पठानिया, डॉ. कविता, डॉ. सुनंदा पठानिया, डॉ. निखिल, डॉ. साहिल सहित विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान, नगर पंचायत शाहपुर के पार्षद, अस्पताल स्टाफ और अन्य उपस्थित रहे। संवाद