धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में नौवीं से 12वीं कक्षा के नियमित विद्यार्थियों का पंजीकरण 15 अक्तूबर तक होगा। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी स्कूल मुखियों को तय समय के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों और विलंब शुल्क से बचा जा सके।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया आठ सितंबर से जारी है। विद्यार्थी 15 अक्तूबर तक 200 रुपये सामान्य शुल्क के साथ आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 16 अक्तूबर से 16 नवंबर 2026 तक विद्यार्थियों को पंजीकरण करवाने के लिए 500 रुपये विलंब शुल्क चुकाना होगा।
डॉ. राजेश शर्मा ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा करें और बचे हुए विद्यार्थियों की प्रक्रिया जल्द पूरी करवाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि पंजीकरण के दौरान विद्यार्थियों का विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज किया जाए और बोर्ड के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन हो। स्कूल प्रभारी विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें अनावश्यक जुर्माना न देना पड़े।