फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया ने किया नए भवन का शुभारंभ
सराय में चल रहे भवन के लिए स्थानीय निवासी से दान की थी भूमि
संवाद न्यूज एजेंसी
राजा का तालाब (कांगड़ा)। तीन उपमंडलों के केंद्र बिंदू उपतहसील राजा का तालाब के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को लंबे अरसे के बाद अपना भवन नसीब हो ही गया। फतेहपुर के विधायक एवं उपाध्यक्ष राज्य योजना बोर्ड भवानी सिंह पठानिया ने पीएचसी के नए भवन का शुभारंभ किया।
इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के हाथों 14 जनवरी 2017 को हुआ था। उस समय कहीं जगह न मिलने पर स्थानीय निवासी समाजसेवी स्वर्गीय प्रमोद सिंह ने अपनी निजी सराय में उक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को खोलने के लिए जगह दी। तब से आज तक पीएचसी राजा का तालाब उसी छोटी सी इमारत में चल रही थी। इसके बाद स्थानीय निवासी स्वर्गीय गिरधारी लाल ने मुख्य सड़क किनारे 2017–18 में अपनी निजी भूमि में से एक कनाल, पांच मरले भूमि स्वास्थ्य विभाग के नाम कर दी। वहीं अन्य भाइयों अक्षय शर्मा, राजेश शर्मा और राकेश शर्मा के सहयोग से लगभग डेढ़ कनाल भूमि (लगभग 162 मीटर लंबी) रास्ते के लिए दे दी। राजनीतिक उठापटक के बीच लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार 2021 में इसकी बिल्डिंग का कार्य शुरू हुआ और तीन साल के लंबे अरसे के बाद इसकी बिल्डिंग बन पाई, जबकि अभी भी रास्ता पक्का होने का इंतजार है।