नूरपुर में विभिन्न संगठनों ने रोष रैली निकाल राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर(कांगड़ा)। बांग्लादेश में हिंदुओं और साधु समाज पर हो रहे अत्याचार के विरोध में मंगलवार को त्रिगर्त स्नातन संस्कृति रक्षा मंच के बैनर तले विभिन्न संगठनों ने नूरपुर में तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा।
इससे पहले हिंदू संगठनों ने नूरपुर के चौगान स्थित अटल इंडोर स्टेडियम से लेकर लघु सचिवालय तक रोष रैली निकाली और बांग्लादेश के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। त्रिगर्त स्नातन रक्षा मंत्री के अध्यक्ष स्वामी वेद प्रकाश सरस्वती की अगुवाई में राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में बांग्लादेश में हिंदू समाज के साथ-साथ अन्य अल्पसंख्यक वर्ग और साधु समाज के खिलाफ लगातार हो रही हिंसा और उत्पीड़न की कड़े शब्दों में निंदा की। साथ ही हिंदुओं पर अत्याचार को तुंरत रोकने और प्रमुख नागरिकों एवं संतों की रिहाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर हो रहे इन अत्याचारों के पीछे बांग्लादेश और पाकिस्तान में प्रचलित चरमपंथी विचारधारा है।
इस मौके पर त्रिगर्त स्नातन संस्कृति रक्षा मंच के अध्यक्ष स्वामी वेद प्रकाश सरस्वती ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि बांग्लादेश में हिंदू और साधु समाज पर हो रहे अत्याचार को तुरंत रोका जाए, नहीं तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
इस मौके पर पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक रीता धीमान, ज्वाली क्षेत्र के भाजपा नेता संजय गुलेरिया सहित मंच के उपाध्यक्ष स्वामी विजय भारती, राष्ट्रीय सेविका समिति की जिलाध्यक्ष किरण, आरएसएस की ओर से अशोक कुमार, महेंद्र पाल, आशीष कुमार, अनिश ठाकुर, अंकुश कुमार ,नूरपुर तहसील ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष इंद्र पाल शर्मा सहित भारी संख्या में हिंदू संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।