गगल हवाई अड्डे से बाहर आते हुए पंजाब किंग्स की मालकिन प्रीति जिंटा। संवाद
धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में सोमवार को आईपीएल-19 के 55वें मुकाबले में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। हालांकि इस रोमांचक भिड़ंत पर बारिश का साया मंडरा रहा है। प्ले-ऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों ही टीमों के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स जीत दर्ज कर तालिका में शीर्ष पर पहुंचना चाहेगी, वहीं अक्षर पटेल की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स सातवें स्थान से ऊपर उठने के लिए पूरा जोर लगाएगी। करीब 22 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस खूबसूरत स्टेडियम के गेट शाम 4:30 बजे दर्शकों के लिए खोल दिए जाएंगे।
सुरक्षा कारणों से स्टेडियम के भीतर खाने-पीने की सामग्री और दूर से फेंके जाने वाली वस्तुओं को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मैच के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री रविवार को भी जारी रही, जिसमें 2500 से लेकर 30 हजार रुपये तक के टिकट उपलब्ध रहे। मैच के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड के करीब 700 जवानों को तैनात किया गया है। स्टेडियम के अंदर और बाहर भीड़ पर नियंत्रण रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा।
धर्मशाला पहुंचीं पंजाब किंग्स की मालकिन प्रीति जिंटा
गगल (कांगड़ा)। अपनी टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए पंजाब किंग्स की मालकिन और बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा रविवार सुबह चार्टर्ड विमान से गगल एयरपोर्ट पहुंचीं। सुबह 9:30 बजे एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद फैंस और स्टाफ में उत्साह देखने को मिला। प्रीति जिंटा हमेशा की तरह अपने चिर-परिचित अंदाज में मुस्कुराते हुए बाहर निकलीं और फैंस को गुड मॉर्निंग कहा और लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया। संवाद
गगल हवाई अड्डे से बाहर आते हुए पंजाब किंग्स की मालकिन प्रीति जिंटा। संवाद