रैहन (कांगड़ा)। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन ब्रांच, पालमपुर के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने जवांवाला रेलवे स्टेशन पर बैठक कर लंबित मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार और रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करने और नई पेंशन योजना (एनपीएस) को रद्द करने की मांग उठाई।
बैठक में कर्मचारियों ने कोरोना के दौरान फ्रीज की गई महंगाई भत्ते की तीन किस्तों का भुगतान, रेलवे कॉलोनियों में जर्जर हो चुके आवासों की मरम्मत और ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने की भी मांग की।
ब्रांच सेक्रेटरी विजय कुमार ने कहा कि उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन हमेशा कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी मजबूती से उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।