नगरोटा सूरियां रेलवे स्टेशन पर पहुंची रेलगाड़ी। -संवाद
बरियाल/बैजनाथ (कांगड़ा)। नवरात्र के पहले दिन रविवार से पठानकोट-जोगिंद्रनगर कांगड़ा घाटी नैरोगेज रेलमार्ग पर रेल सेवाएं बहाल हो गई हैं। इससे शक्तिपीठों में आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है। हालांकि, पहले ही दिन ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने अतिरिक्त रेलगाड़ियां चलाने और समयसारिणी में बदलाव की मांग उठाई है।
उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के डीआरएम विवेक कुमार के अनुसार पठानकोट-बैजनाथ पपरोला रेलखंड पर दो जोड़ी, जबकि बैजनाथ-ज्वालामुखी रोड और बैजनाथ-जोगिंदरनगर के बीच एक-एक जोड़ी ट्रेनें चलाई गई हैं। पहले दिन पठानकोट से बैजनाथ जाने वाली ट्रेन नगरोटा सूरियां स्टेशन पर एक घंटे की देरी से सुबह 8:25 बजे पहुंची। 214 यात्रियों की क्षमता वाली सात कोच की इस ट्रेन में 229 से अधिक यात्री सवार थे।
लोकतांत्रिक राष्ट्र निर्माण अभियान के सदस्य पीसी विश्वकर्मा ने डीआरएम जम्मू से बैजनाथ-ज्वालामुखी ट्रेन को पठानकोट तक बढ़ाने और नवरात्र में दो अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की मांग की है। वहीं, स्थानीय निवासी अमित कुमार, अश्वनी गुलेरिया, शाम स्वरूप और रमन चौधरी ने समयसारिणी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सुबह सात बजे के बाद पठानकोट से ट्रेन न होने से कर्मचारियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को लाभ नहीं मिलेगा।
इस समयसारिणी के अनुसार चलेंगी ट्रेन
रेलवे की समयसारिणी के अनुसार पठानकोट से बैजनाथ पपरोला के लिए ट्रेन (52465) सुबह 5 बजे चलकर 12 बजे और दूसरी (52467) सुबह 7 बजे चलकर 1:40 बजे बैजनाथ पहुंचेगी। वापसी में बैजनाथ से पहली ट्रेन (52470) दोपहर 2:15 बजे चलकर रात 9:45 बजे और दूसरी ट्रेन (52474) दोपहर 3:40 बजे रवाना होकर रात 10:50 बजे पठानकोट पहुंचेगी। वहीं, बैजनाथ से ज्वालामुखी रोड के लिए ट्रेन (52464) सुबह 10 बजे रवाना होकर 1:30 बजे पहुंचेगी और वापसी में (52469) दोपहर 2:20 बजे चलकर 5:30 बजे बैजनाथ पहुंचेगी। इसके अलावा बैजनाथ से जोगिंद्रनगर की ट्रेन (52473) सुबह 8 बजे चलकर 9:35 बजे पहुंचेगी और वापसी में यह ट्रेन (52472) जोगिंद्रनगर से दोपहर 12:50 बजे चलकर 2:30 बजे बैजनाथ पहुंचेगी।