संवाद न्यूज एजेंसी
ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। मिनर्वा कॉलेज ऑफ फार्मेसी में बी फार्मेसी और डी फार्मेसी के जूनियर विद्यार्थियों की ओर से अंतिम वर्ष के वरिष्ठ छात्रों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जूनियर विद्यार्थियों ने सीनियर्स का स्वागत किया। समारोह में नृत्य, गीत, मॉडलिंग और मनोरंजक गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया। जूनियर्स ने सीनियर्स के साथ बिताए अनुभवों को साझा करते हुए भावुक संदेश दिए। सीनियर विद्यार्थियों ने भी जूनियर्स और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कॉलेज में बिताए समय को सबसे यादगार बताया।
समारोह के दौरान मिस्टर और मिस फेयरवेल जैसी उपाधियां भी प्रदान की गईं। बी फार्मेसी में मिस्टर फेयरवेल राहुल नेगी व मिस फेयरवेल सृष्टि को चुना गया। साक्षी को मिस पर्सनेलिटी और कार्तिक जम्वाल को मिस्टर पर्सनेलिटी चुना गया। मिस टैलेंटेड का खिताब पलक ने अपने नाम किया। डी फार्मेसी में मिस्टर फेयरवेल आर्यन कपूर, मिस फेयरवेल साक्षी को चुना गया। मिस पर्सनेलिटी शवि, मिस्टर पर्सनेलिटी अर्पित को चुना गया। मिस्टर टैलेंटेड का खिताब प्रणव ने अपने नाम किया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि मिनर्वा ग्रुप ऑफ कॉलेज के अकादमिक डीन प्रो. बीडी शर्मा, मिनर्वा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्रधानाचार्य डॉ. कपिल कुमार वर्मा, मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत शर्मा, मिनर्वा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रिंसिपल अमन पराशर मौजूद रहे।