ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में विश्व कल्याण और शांति के उद्देश्य से आयोजित आठ दिवसीय माघ मास के गुप्त नवरात्र मंगलवार को नवमी की पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गए।
इस धार्मिक अनुष्ठान के समापन अवसर पर एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। न्यास सदस्य पुजारी अविनेंद्र शर्मा ने बताया कि इन नवरात्रों के दौरान 81 पुजारियों और विद्वान पंडितों द्वारा भव्य अनुष्ठान किया गया।
इसमें ज्वालामुखी मूल मंत्र का 11.25 लाख और गणपति, गायत्री व बटुक भैरव के 5 लाख मंत्रों का जाप किया गया। साथ ही दुर्गा सप्तशती के 100 पाठ भी पूर्ण किए गए। मंगलवार को दशांश हवन यज्ञ के उपरांत एसडीएम, मंदिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा और डीएसपी आरपी जसवाल ने कन्या पूजन कर सभी को प्रसाद वितरित किया। एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि गुप्त नवरात्र का समापन भव्य तरीके से हुआ है।