नायब तहसीलदार के माध्यम से प्रदेश राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजा का तालाब (कांगड़ा)। भाजपा प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक जगदेव ठाकुर के नेतृत्व में वीरवार को राजा का तालाब में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली। इस मौके पर उपतहसील राजा का तालाब नायब तहसीलदार सुरजीत कुमार के माध्यम से प्रदेश राज्यपाल को एक ज्ञापन भी भेजा गया। ज्ञापन में सड़कों की बदहाल स्थिति और सड़क हादसों में वृद्धि का जिक्र किया गया।
वहीं, अस्पतालों में आधारभूत सुविधाओं, बिजली की लो वोल्टेज के समाधान, बेसहारा पशुओं की समस्या का समाधान करने, बंदरों की वजह से जमीन के बंजर होने, ग्राम पंचायत डक और बल्ले द पीर लाड़थ में लोगों की आवाजाही हेतु रेल लाइन से गुजरने के लिए पुल निर्माण सहित अन्य मांगों का विशेष जिक्र किया। वहीं बताया कि केंद्र सरकार द्वारा बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी गई सहायता का सरकार सही ढंग से प्रयोग नहीं कर पाई। जबकि केंद्र सरकार की दी हुई सहायता राशि लैप्स हो रही है।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर सवालिया निशान खड़े करते हुए कहा कि सरकार ने विभिन्न गारंटियों, महिलाओं को 15 सौ रुपये देने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों, बागवानों से किए अपने वायदे पूरे नहीं किए हैं।