सुलह के रँझु में धरना प्रदर्शन करते विपिन परमार व अन्य कार्यकर्तास्त्रोत संगठन
-रझूं में सुलह भाजपा ने चंगर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं पर घेरा
-आईटीआई भवन न बन पाना सरकार की विफलता : परमार
संवाद न्यूज एजेंसी
सुलह/पालमपुर (कांगड़ा)। सुलह विधानसभा क्षेत्र के रझूं में बुधवार को सुलह भाजपा ने स्थानीय जनता के साथ मिलकर प्रदेश सरकार की नीतियों, आईटीआई रझूं के अधूरे भवन और चंगर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत आईटीआई रझूं का चार मंजिला भवन चार वर्ष बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है। ढांचा तैयार होने के बावजूद फिनिशिंग और अन्य आवश्यक कार्य रुके हुए हैं। इसके चलते संस्थान के लगभग 84 प्रशिक्षणार्थी आज भी अस्थायी भवन में पढ़ रहे हैं।
उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार के ''''व्यवस्था परिवर्तन'''' की विफलता करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में चंगर क्षेत्र के विकास के लिए सड़कें, पुलियां, पेयजल व सिंचाई योजनाएं और शिक्षण संस्थानों के सुदृढ़ीकरण जैसे कई कार्य शुरू किए गए थे, जो अब उपेक्षा का शिकार हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि आईटीआई रझूं के शेष निर्माण कार्य के लिए तुरंत बजट जारी कर युद्धस्तर पर काम पूरा करवाया जाए, ताकि प्रशिक्षुओं को जल्द आधुनिक भवन की सुविधा मिल सके।