फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा : 249 किशोरियों को लगा एचपीवी का टीका

Sun, 05 Apr 2026 06:46 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कांगड़ा
विज्ञापन
अभियान के दौरान कांगड़ा के एक स्वास्थ्य संस्थान में किशोरी का टीककरण करती नर्स। -स्रोत : विभाग
विज्ञापन
धर्मशाला। जिला कांगड़ा में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। शनिवार को जिले के 64 स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान 249 किशोरियों को वैक्सीन की खुराक दी गई। विभाग ने इस चरण में जिले की 14 से 15 वर्ष की कुल 16,533 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा है।
विज्ञापन

अभियान के दौरान स्वास्थ्य टीमों ने न केवल टीके लगाए, बल्कि किशोरियों और उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण के खतरों व इसके दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया। टीकाकरण केंद्रों पर विशेषज्ञों ने अभिभावकों की शंकाओं का समाधान करते हुए बताया कि यह वैक्सीन भविष्य में कैंसर के खतरे को कम करने में पूरी तरह सक्षम है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक करोल ने बताया कि एचपीवी टीका किशोरियों के स्वास्थ्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाकर उनके सुरक्षित भविष्य की नींव रखें। आने वाले दिनों में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
विज्ञापन


नूरपुर में आज और 12 को भी लगेंगे विशेष शिविर
नूरपुर (कांगड़ा)। नागरिक अस्पताल नूरपुर में शनिवार को एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। एमएस डॉ. अनुपमा शर्मा ने बताया कि 4, 5 और 12 अप्रैल को विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन की यह सुविधा नूरपुर अस्पताल के अलावा जसूर और सदवां सहित अन्य नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर भी उपलब्ध है।
रेहन और धमेटा में मिलेगी टीकाकरण की सुविधा
फतेहपुर (कांगड़ा)। बीएमओ फतेहपुर डॉ. ऋचा मेहरोत्रा ने बताया कि स्वास्थ्य खंड फतेहपुर के तहत आदर्श नागरिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर, सिविल अस्पताल रेहन, पीएचसी धमेटा और सीएचसी रे में 5 और 12 अप्रैल को विशेष कैंप लगेंगे। 14-15 साल की पात्र किशोरियों को यहां निशुल्क टीका लगाया जाएगा।
भ्रामक प्रचार से बचें, पूरी तरह सुरक्षित है टीका : बीएमओ
जयसिंहपुर (कांगड़ा)। बीएमओ जयसिंहपुर डॉ. वरुण सूद ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही गलत और भ्रामक जानकारियों पर विश्वास न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा प्रमाणित और पूरी तरह सुरक्षित है। जयसिंहपुर खंड में भी 5 और 12 अप्रैल को वैक्सीनेशन अभियान जारी रहेगा।
मझीण में दो किशोरियों का हुआ टीकाकरण

खुंडियां (कांगड़ा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझीन में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत शिविर आयोजित किया। शिविर में केवल दो किशोरियों ने ही टीका लगवाया। डॉ. आयुषी गौतम ने लोगों से अपील की है कि अपनी बेटियों को इस वायरस से बचाव के लिए अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करें और टीकाकरण करवाएं। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें