बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के दो प्रमुख बाजारों बैजनाथ और पपरोला में यातायात का दबाव कम करने के लिए प्रस्तावित बाईपास के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बाईपास के लिए राजस्व विभाग ने पैमाइश का कार्य पूरा कर रिपोर्ट लोक निर्माण विभाग को सौंप दी है। अब मार्ग निर्माण के लिए आवश्यक भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना में केवल एक भूमि मालिक की जमीन अधिग्रहित की जानी है।
करीब सात किलोमीटर लंबे इस बाईपास के निर्माण के लिए फॉरेस्ट क्लीयरेंस प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बाईपास का निर्माण सेहल चौक के समीप फाइबर बोर्ड फैक्ट्री के पास से शुरू होगा। इसके तहत भटवाली, सनसाली और बिनवा खड्ड पर पुलों का निर्माण भी किया जाएगा। बाद में इस मार्ग को मलघोटा के पास उतराला रोड से जोड़ते हुए खड़ानाल के रास्ते ताशी जोंग के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जाएगा। बाईपास बनने के बाद बैजनाथ और पपरोला बाजारों में प्रतिदिन लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अजय सूद ने बताया कि फॉरेस्ट क्लीयरेंस और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। दोनों औपचारिकताएं पूरी होते ही बाईपास के निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।